निगम की नई पहल,लेटर बॉक्स में डालें शिकायत पत्र , 24 घंटे में होगा समाधान,
शहर की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम ने नई व्यवस्था शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर तीन अलग-अलग रंगों के लेटर बॉक्स लगाए गए हैं, जिनमें नागरिक अपनी शिकायतें डाल सकेंगे।
निगम द्वारा लगाए गए इन बॉक्स को अलग-अलग समस्याओं के लिए निर्धारित किया गया है। नीले रंग के बॉक्स में पेयजल से जुड़ी शिकायतें, पीले रंग के बॉक्स में स्ट्रीट लाइट और विद्युत संबंधी समस्याएं, जबकि हरे रंग के बॉक्स में साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों के आवेदन डाले जाएंगे।
निगम प्रशासन के अनुसार, लेटर बॉक्स में डाले गए शिकायत पत्रों को तुरंत निकालकर कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। शिकायत मिलते ही अधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे और 24 घंटे के भीतर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
यदि किसी कारणवश तय समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं हो पाता है, तो संबंधित अधिकारी को इसका कारण बताते हुए निगम आयुक्त को प्रतिवेदन देना होगा और यह स्पष्ट करना होगा कि समस्या का समाधान कब तक किया जाएगा।इस नई व्यवस्था से शहरवासियों को पानी, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभापति रामनारायण सोनी, एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, रितेश सिंह, प्रभारी संपदा अधिकारी सचिन तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक सचीनद्र थाईवत और गिरवर विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




