युवक से विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने लगाई फांसी, बांकीमोंगरा पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिना बस्ती में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान शारदा महंत (16 वर्ष) पिता स्वर्गीय कुमार दास के रूप में हुई है। गुरुवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रात अधिक होने के कारण कमरे को सील कर दिया गया। शुक्रवार सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया।परिजनों ने बताया कि शारदा के पिता का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है। उसकी मां मजदूरी के सिलसिले में राज्य से बाहर रहती हैं। शारदा अपने भाई के साथ रोहिना बस्ती में बुआ और नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी।

मृतिका की बुआ सरिता महंत के अनुसार घटना से कुछ समय पहले गांव का एक युवक घर पहुंचा था और शारदा को बाहर बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि युवक ने किशोरी के साथ मारपीट भी की। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को वहां से भगा दिया। इसके बाद शारदा अपने कमरे में चली गई।रात में जब उसे खाना खाने के लिए बुलाया गया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां शारदा का शव पंखे से लटका मिला।

पुलिस ने घटनास्थल से किशोरी का मोबाइल जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स, चैट रिकॉर्ड और युवक से हुए विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मां के अनुरोध पर शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। उनके पहुंचने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button