कोरबा में धूमधाम से मनाया गया भाजपा का स्थापना दिवस,

कोरबा में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय दीनदयाल कुंज में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। 6अप्रैल को टीपी नगर स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पंडित दीनदयाल कुंज में स्थापना दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद गोष्ठी में पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्योग व आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यालय को झालरों, रंगोली और दीपों से सजाया गया।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हुए ‘गांव चलो–बस्ती चलो’ अभियान के तहत घर-घर पहुंचने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के योगदान को याद किया गया।वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों और नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी मूल्यों से समझौता नहीं किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों जैसे धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं को देश के विकास की पहचान बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा ने स्थापना दिवस को सेवा और जनसंपर्क अभियान के रूप में मनाने का संकल्प लिया।


