हनुमान जयंती पर कोरबा में भक्ति और सेवा का भव्य माहौल, जयसिंह अग्रवाल ने विभिन्न आयोजनों में की सहभागिता

कोरबा। पवनपुत्र भगवान श्री हनुमान जी की जयंती के पावन अवसर पर पूरे कोरबा जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा का आयोजन श्रद्धा भाव से किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन कर सेवा भाव का परिचय दिया जा रहा है।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। उन्होंने दर्री रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, आरपी नगर फेस-2, बजरंग चौक बांकीमोंगरा, नेहरू नगर बालको एवं एमपी नगर कोरबा सहित विभिन्न मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया तथा आमजन और गणमान्य नागरिकों से मिलकर हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भगवान श्री हनुमान जी शक्ति, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भाव और एकता को बढ़ावा दिया जा सकता है।हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों ने कोरबा में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना का सुंदर संदेश दिया।



