सरपंच की पिटाई से अस्पताल के बुजुर्ग कर्मचारी की मौत, सरपंच पर हत्या का आरोप
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मॉर्चरी में ड्यूटी कर रहे बुजुर्ग कर्मचारी की पिटाई के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में हुई मारपीट की घटना ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। पोस्टमार्टम के लिए शव लाए जाने के दौरान सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर ने कर्मचारियों पर जल्द पोस्टमार्टम करने का दबाव बनाया।
ड्यूटी पर मौजूद बुजुर्ग कर्मचारी बालकृष्ण चनैया ने काम में व्यस्त होने के कारण इंतजार करने को कहा, जिससे नाराज होकर सरपंच ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उनका सिर दीवार पर पटक दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक की बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान हुई मारपीट ही उनके पिता की मौत की वजह बनी है और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।घटना के विरोध में अस्पताल के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। पोस्टमार्टम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया है, जिससे अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी नहीं हो पा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर के अनुसार, घटना की सूचना उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है।वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में तनाव का माहौल बना हुआ है, पुलिस बल तैनात है और परिजन व कर्मचारी आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।



