कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन चोरी के मामलों का खुलासा

कोरबा पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी रकम भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया। दोनों मामलों में आरोपी सुमित्रा रात्रे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी रकम चोरी करना कबूल किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी सिविल लाइन रामपुर और उरगा थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

वहीं मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में पुलिस ने तीन आरोपियोंआकाश मरावी, रोहित शर्मा और निखिल वर्मन को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से भी चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम बरामद की गई है।

Related Articles

Back to top button