कुएं में गिरने से महिला की मौत,

कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय चंदा देवी साह पानी निकालने के दौरान अचानक पैर फिसलने से करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। घटना के समय उनकी दो बेटियां मौके पर ही मौजूद थीं। मां को कुएं में गिरते देख बेटियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला और तत्काल बालको अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।बताया जा रहा है कि मृतका के पति लकवाग्रस्त हैं और उनका इलाज चल रहा है।


