घरेलू गैस को लेकर बदले सरकार के नियम,अब 25 दिन बाद ही कर सकेंगे अगली बुकिंग,

सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नया नियम लागू किया है। अब उपभोक्ता एक बार सिलेंडर बुक कराने के बाद अगली बुकिंग कम से कम 25 दिन बाद ही कर सकेंगे।
सरकार का कहना है कि यह कदम गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए उठाया गया है। कई जगहों पर देखा गया कि कुछ उपभोक्ता बार-बार सिलेंडर बुक कर लेते थे, जिससे जरूरतमंद लोगों तक समय पर गैस नहीं पहुंच पाती थी।
नए नियम के तहत यदि कोई उपभोक्ता आज सिलेंडर बुक करता है, तो उसे अगली बुकिंग के लिए 25 दिन का इंतजार करना होगा। यह नियम सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं पर लागू होगा।इसके साथ ही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं।
मंत्रालय के अनुसार अतिरिक्त उत्पादन का उपयोग खास तौर पर घरेलू गैस की जरूरत पूरी करने के लिए किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में सप्लाई बेहतर हो सके।
मंत्रालय का कहना है कि हाल के समय में वैश्विक ईंधन सप्लाई चेन में भू-राजनीतिक कारणों से कई तरह की बाधाएं देखने को मिली हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सरकार पहले से ही जरूरी कदम उठा रही है ताकि देश में एलपीजी की उपलब्धता बनी रहे।




