बेकाबू ट्रेलर का तांडव भैसमा रोड पर ट्रेलर का कहर,पूर्व जनपद उपाध्यक्ष समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल,

कोरबा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है जहां एक बेकाबू कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह पूरा मामला भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग का है जहां कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे।हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया…जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है…फिलहाल सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।



