जिला अस्पताल परिसर मे लगी आग से कबाड़ में खड़ी गाड़ियां जलकर खाक,

कोरबा के मेडिकल कॉलेज परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के पीछे कबाड़ के रूप में खड़ी पुरानी गाड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों और घने धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब 6 वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की आवासीय कॉलोनी भी स्थित है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया था।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि परिसर में लंबे समय से पड़े कबाड़ और असामाजिक तत्वों की आवाजाही के कारण यह घटना हुई हो सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

