बिलासपुर में सहकारिता प्रकोष्ठ की संभागीय कार्यशाला आयोजित

बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ की संभागीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें संभाग के विभिन्न जिलों से संयोजक और सहसंयोजक शामिल हुए। कार्यशाला में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बिलासपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सहकारिता प्रकोष्ठ की संभागीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे के मार्गदर्शन में संभागीय प्रभारी जितेंद्र धुरंधर द्वारा आयोजित की गई, जिसमें संभाग के विभिन्न जिलों से आए संयोजक और सहसंयोजकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे का श्रीफल, माला और शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।

इस दौरान संभाग से आए सभी संयोजक और सहसंयोजकों का परिचय भी कराया गया।अपने संबोधन में प्रवीण दुबे ने कहा कि सहकारिता केवल एक विभाग नहीं बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने का आह्वान किया।कार्यशाला में बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, शक्ति, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित कई जिलों के संयोजक और सहसंयोजक मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन “बिन सहकार नहीं उद्धार” के उद्घोष के साथ किया गया।

Related Articles

Back to top button