घंटाघर में व्यवसाय को लेकर विवाद, दूसरे दुकानदार नहीं दे रहे जगह

कोरबा। घंटाघर में व्यवसाय को लेकर विवाद, दूसरे दुकानदार नहीं दे रहे जगह,युवाओं का विरोधस्वच्छ कोरबा के तहत शहर में पिछले कुछ दिनों से नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई लगातार जारी है।
इस कार्रवाई से कई छोटे व्यवसायी और युवा अपनी रोजी-रोटी को लेकर परेशान हो गए हैं। ऐसे ही कुछ युवाओं ने अपनी समस्या लेकर महापौर के सामने गुहार लगाई।
पिछले करीब 20 दिनों से रोजगार छिन जाने के कारण परेशान युवाओं ने महापौर को आवेदन देकर मांग की थी कि जब तक नगर निगम द्वारा उन्हें स्थायी व्यवस्था नहीं दी जाती, तब तक उन्हें अस्थायी रूप से दुकान लगाने की अनुमति दी जाए।
युवाओं का कहना है कि महापौर ने उन्हें दुकान लगाने की अनुमति भी दे दी थी। लेकिन जब वे घंटाघर क्षेत्र में दुकान लगाने पहुंचे, तो वहां के आसपास के दुकानदारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया, जबकि युवाओं का दावा है कि वह स्थान सरकारी जमीन है।
अब युवाओं का कहना है कि इस स्थिति में उनके सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए, ताकि वे अपनी रोजी-रोटी चला सकें।



