फर्जी पुलिस कॉल से डरा युवक, वीडियो बनाकर की आत्महत्या – आरोपी गिरफ्तार,

कोरबा–जांजगीर चांपा में वीडियो बनाकर आत्महत्या करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआत में पंतोरा चौकी पुलिस पर लगाए गए आरोप गलत निकले।

जांजगीर-चाम्पा के एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच की गई। जांच में पता चला कि मृतक सनत कुमार कश्यप को असली पुलिस ने नहीं, बल्कि एक युवक ने पुलिस बनकर फोन किया था।

दरअसल गेवरा बस्ती निवासी सचिन खरे की बहन घर से कॉलेज जाने के बाद वापस नहीं लौटी। खोजबीन में पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है। इसके बाद सचिन खरे ने अपने रिश्तेदार के मोबाइल से सनत कश्यप को फोन कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर गाली-गलौच की और थाने आने की धमकी दी।इससे घबराकर सनत कश्यप इतना तनाव में आ गया कि उसने वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बलौदा थाना में बीएनएस की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button