कोरबा सड़क हादसा 3 की मौत, चक्का जाम

कोरबा जिले के पाली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को कुचलते हुए पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे और एक निजी कंपनी में काम करते थे। रोज की तरह काम पर जाते वक्त यह हादसा हुआ।
ट्रक के पलटने से तीनों के शव उसके नीचे दब गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, चौक-चौराहों पर सीसीटीवी और इस मार्ग पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सवा-सवा लाख रुपए की सहायता राशि दी गई है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
यह हादसा एक बार फिर ओवरस्पीडिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर कब थमेगी रफ्तार का कहर?



