अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़,बलरामपुर कुसमी मे हुआ अफीम की खेती का खुलासा,

छत्तीसगढ़ में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अफीम की बड़े पैमाने पर खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब 5 एकड़ जमीन पर लहलहा रही अफीम की फसल को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव के सरनाटोली इलाके में जंगल के किनारे सुनसान जगह पर अफीम की खेती की जा रही थी, ताकि किसी की नजर न पड़े। सूचना मिलने पर मंगलवार को कुसमी SDOP आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि करीब 5 एकड़ जमीन पर अफीम की फसल तैयार खड़ी थी। अफीम के डोडों में चीरा लगाया गया था, जिससे साफ है कि वहां से अफीम निकालने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सूखे डोडे, खसखस और अफीम निकालने के उपकरण भी बरामद किए हैं।

फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने अवैध फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और इस खेती के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे के पीछे कौन-कौन तस्कर जुड़े हैं और अफीम की सप्लाई कहां की जा रही थी।

गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिले में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया था। ऐसे में बलरामपुर में मिली इस बड़ी खेप ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश के सुदूर इलाकों को नशे की खेती के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, जिस पर पुलिस अब सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button